अमृतसर में GRP के ASI पर फायरिंग, बाइक सवार 3 युवकों ने घेरकर मारी गोली
अमृतसर डेस्क: अमृतसर में GRP में तैनात एक ASI पर बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने फायरिंग कर दी। घायल ASI की पहचान सुखचैन सिंह के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब वह ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, गांव के नजदीक पहुंचते ही तीनों युवकों ने ASI सुखचैन सिंह को घेर लिया और उन पर गोलियां चला दीं। इस दौरान एक गोली उनकी बाईं बाजू में लगी और आर-पार हो गई। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने घायल ASI को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायल ASI का हाल जाना।
बताया जा रहा है कि ASI सुखचैन सिंह ने हमले के पीछे अपनी भाभी पर हमला करवाने का शक जताया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आरोप की पुष्टि नहीं की है और हमले की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
डीएसपी धर्मिंदर कल्याण ने बताया कि पुलिस ने तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच कर रही है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।