विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने विभिन्न अनाज मंडियों में धान खरीद का लिया जायजा
किसानों की फसल का एक-एक दाना सरकारी भाव पर खरीदा जाएगा: धालीवाल
अमृतसर, 3 अक्टूबर। विधानसभा हलका अजनाला से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने शुक्रवार को हलके की विभिन्न अनाज मंडियों का दौरा कर धान की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सुधार, अवाण, गगोमाहल, चमियारी, चक्क सिकंदर और खतरे कलां की मंडियों में पहुंचकर खरीद प्रबंधों का निरीक्षण किया और मंडियों में धान लेकर पहुंचे किसानों से बातचीत की।
इस दौरान विधायक धालीवाल ने किसानों को धान की फसल की आमद के लिए बधाई देते हुए कहा कि पंजाब सरकार की ओर से धान की निर्विघ्न और सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के लिए मंडियों में पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना सरकारी भाव पर खरीदा जाएगा तथा फसल की अदायगी समय पर और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाएगी।
विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में फसल बेचने के लिए आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद 24 घंटे के भीतर किसानों को भुगतान सुनिश्चित किया जाए और खरीद सीजन के दौरान किसानों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए।
धालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार किसानों की भलाई और उनकी फसल की निर्विघ्न खरीद के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि खरीद सीजन के दौरान उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर मंडी बोर्ड तथा विभिन्न खरीद एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।