गांधी जयंती से पहले विवादित रील बनाने पर महिला इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार, 10 लाख फॉलोअर्स
गुजरात डेस्क: गुजरात के सूरत में महात्मा गांधी की तस्वीर वाले करेंसी नोट को कथित तौर पर आपत्तिजनक और अश्लील अंदाज में दिखाने वाली रील बनाने के आरोप में 47 वर्षीय महिला इन्फ्लुएंसर सिमरन पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सिमरन के इंस्टाग्राम पर करीब 10 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, एक सोशल एक्टिविस्ट की शिकायत के आधार पर सूरत साइबर क्राइम सेल ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की। कथित तौर पर यह रील 1 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई थी, यानी गांधी जयंती से ठीक एक दिन पहले।
शिकायत के अनुसार, वीडियो में 500 रुपये के नोट पर महात्मा गांधी की तस्वीर दिखाई गई थी। आरोप है कि महिला ने नोट को आपत्तिजनक तरीके से पेश करते हुए अश्लील इशारों का इस्तेमाल किया। वीडियो में वह 'हैप्पी बर्थडे गांधी जी' कहते हुए नोट को अपनी टी-शर्ट के अंदर डालती हुई नजर आती है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रील में महात्मा गांधी की तस्वीर और भारतीय करेंसी को लेकर आपत्तिजनक एवं अश्लील प्रस्तुति की गई, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुईं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसे लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में वीडियो की जांच और अन्य कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वायरल वीडियो के जरिए किसी अन्य कानून का उल्लंघन हुआ है या नहीं।