बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रताप बाग बिजली दफ्तर के बाहर फूंका सरकार का पुतला
जालंधर। बिजली की अनियमित सप्लाई, लंबे अघोषित बिजली कटों और कथित तौर पर अधिक आ रहे बिजली बिलों के विरोध में आज कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रताप बाग बिजली दफ्तर के बाहर रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंका।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले काफी समय से शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली की अनियमित आपूर्ति और बिना सूचना के लंबे कटों के कारण आम जनता परेशान है। बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष कई बार शिकायतें रखने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। बिजली कटों का सबसे अधिक असर व्यापारी, कारोबारी और औद्योगिक वर्ग पर पड़ रहा है। कारोबार प्रभावित होने के साथ-साथ इंडस्ट्री को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक तरफ लोगों को नियमित बिजली सप्लाई नहीं मिल रही, वहीं दूसरी तरफ कई उपभोक्ताओं को कथित तौर पर अधिक और गलत बिल भेजे जा रहे हैं। लोगों को चार-चार महीने के बिल एक साथ जारी किए जाने पर भी सवाल उठाए गए। बिलों में सुधार करवाने के लिए उपभोक्ताओं को बिजली दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, कई लोगों को वहां यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि सिस्टम काम नहीं कर रहा, जिससे आम जनता को भारी परेशानी और खज्जल-खुआरी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने मांग की कि बिजली की नियमित और निर्बाध सप्लाई बहाल की जाए, गलत एवं अधिक आए बिलों की जांच कर उन्हें तुरंत ठीक किया जाए। बिजली दफ्तरों में स्टाफ की कमी दूर करने के साथ-साथ उपभोक्ताओं के साथ उचित व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। खराब ट्रांसफार्मरों और बिजली की तारों को भी तत्काल ठीक करवाने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस की ओर से संघर्ष को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मौके पर अवतार सिंह जूनियर, बावा हैनरी विधायक जालंधर नॉर्थ, राजिंदर बेरी प्रधान जिला कांग्रेस शहरी, गुरविंदर पाल सिंह बंटी नीलकंठ, पवन कुमार, जगदीश दकोहा, विपिन कुमार, अनुराधा बंगा प्रधान महिला कांग्रेस, दीपक शर्मा मोना, जगजीत कंबोज, जगमोहन छाबड़ा, दीना नाथ प्रधान, रीटा शर्मा, सतीश धीर, हरप्रीत वालिया, अनमोल कालियां, परमजीत पम्मा, मन्नी सैंबी, आशू सचदेवा, रवि सैनी, बब्बू सिडाना, ललित विज, वरिंदर कुमार, परमजीत बल, गुलशन सोढ़ी, राहुल शर्मा, रतनेश सैनी, दविंदर शर्मा बॉबी, सूबा सिंह, टोनू जिंदल, यशपाल सफरी, प्रेमपाल डुमेली, हामिद मसीह, रवि बग्गा, अमन धन्नोवाली, सुधीर घुग्गी, सौरव भारद्वाज, समीर चिश्ती, गुलशन मिड्डा, प्रदीप शुक्ला, मनु पहलवान, रविंदर सिंह लाडी, लक्की बस्ती मिट्ठू, रोहन चड्ढा, हरमीत साबा, कुलदीप शर्मा, सुमित बेरी, राजीव शर्मा, मीनू बग्गा, आशा अग्रवाल और सरबजीत पिंकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।