पंजाब कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत: DA बढ़कर 50% हुआ, सरकार-कर्मचारी संगठनों के बीच बनी सहमति
पंजाब सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच लंबे समय से चल रहा गतिरोध समाप्त हो गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की चंडीगढ़ में कर्मचारी और पेंशनर संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक के बाद राज्य सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ता (DA) 42 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने का ऐलान किया है।
बैठक के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और डॉ. बलजीत कौर के साथ कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अमन अरोड़ा ने बताया कि सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच DA को लेकर सहमति बन गई है तथा दो किश्तों में कुल 8 प्रतिशत DA जारी किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों और पेंशनरों का DA बढ़कर 50 प्रतिशत हो जाएगा।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार ने 4-4 प्रतिशत की दो किश्तों में DA देने का भरोसा दिया है। वहीं, अमन अरोड़ा के अनुसार इस फैसले से राज्य के खजाने पर लगभग 250 करोड़ रुपये प्रति माह का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।
बैठक के बाद कर्मचारी संगठनों ने भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार के साथ बना गतिरोध समाप्त हो गया है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों पर चर्चा के लिए अक्टूबर में एक और बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी घोषणा जल्द की जाएगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बैठक के दौरान कर्मचारियों को सरकार का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवाद जारी रखने का भरोसा दिया। वहीं अमन अरोड़ा ने कहा कि "मुलाजिम हमारे परिवार का हिस्सा हैं" और सरकार उनकी जायज मांगों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
इस फैसले से पंजाब के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।