• Saturday, 19 September 2026
Logo Logo
Advertisement
लुधियाना में युवक पर 18 वार: 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने घेरकर किया जानलेवा हमला, वीडियो वायरल

19 Sep 2026 | 49 Views

लुधियाना में युवक पर 18 वार: 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने घेरकर किया जानलेवा हमला, वीडियो वायरल

लुधियाना में युवक पर 18 वार: 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने घेरकर किया जानलेवा हमला, वीडियो वायरल

लुधियाना में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। टिब्बा रोड स्थित रमेश नगर इलाके में पूर्व विधायक संजय तलवार के दफ्तर के समीप पुल पर 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने 21 वर्षीय युवक पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

परिजनों के अनुसार, घायल युवक विक्की रात करीब 8 बजे अपने दोस्त जुगनू के साथ घर से निकला था। जैसे ही दोनों पूर्व विधायक के दफ्तर के पास पहुंचे, कई बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों को देखकर जुगनू मौके से भागने में सफल रहा, जबकि बाइक गिरने से विक्की सड़क पर फंस गया और उठ नहीं पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पहले दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने हमला शुरू किया। इसके बाद दो अन्य बाइकों और एक एक्टिवा पर सवार कई हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और जमीन पर पड़े युवक पर दातर और तलवारों से ताबड़तोड़ वार किए। परिजनों का दावा है कि विक्की पर करीब 18 वार किए गए।

घायल युवक की मां जागीर कौर ने आरोप लगाया कि हमलावर उसे गंभीर रूप से घायल करने के बाद पास के नाले में फेंकने की बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि विक्की ने हाथ जोड़कर अपनी जान की भीख मांगी और हमलावर उसका मोबाइल फोन, नकदी तथा बाइक लेकर फरार हो गए। बाद में परिवार को जानकारी मिली कि लूटी गई बाइक थाना नंबर 7 पुलिस के पास पहुंच गई है।

परिवार के मुताबिक, हमले में विक्की की दोनों बाजुओं में फ्रैक्चर हुआ है और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि विक्की टाइल लगाने का काम करता है और उसका किसी से कोई पुराना विवाद या दुश्मनी नहीं थी। परिवार ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की जाए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Published on: 19 Sep 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News