‘फुल्कारी गर्ल’ मनप्रीत कौर ने युवाओं को वोटर बनने के लिए किया प्रेरित
अमृतसर/तरनतारन। तरनतारन जिले में चल रहे विशेष मतदाता पंजीकरण (SIR) अभियान को उस समय नया उत्साह मिला जब जिले की SVEEP आइकॉन और दुनिया भर में ‘फुल्कारी गर्ल’ के नाम से प्रसिद्ध मनप्रीत कौर ने युवाओं से मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण करवाने की अपील की।
मनप्रीत कौर ने जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) कार्यालय का दौरा किया, जहां डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) एवं SVEEP नोडल अधिकारी राजिंदर कौर और पूरी SIR टीम ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने टीम के साथ विचार-विमर्श करते हुए युवाओं में मतदान अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
मनप्रीत कौर ने कहा कि किसी भी देश का उज्ज्वल भविष्य उसकी युवा पीढ़ी की सकारात्मक सोच, जागरूकता और मजबूत संकल्प पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए, ताकि वे लोकतंत्र को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी एवं SVEEP नोडल अधिकारी राजिंदर कौर ने कहा कि मनप्रीत कौर जैसी लोकप्रिय शख्सियत द्वारा युवाओं को दिया गया संदेश निश्चित रूप से मतदाता जागरूकता अभियान को और मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने इस प्रेरणादायक संवाद और सहयोग के लिए मनप्रीत कौर का आभार भी व्यक्त किया।
जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से बड़ी संख्या में युवा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाएंगे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।