• Saturday, 19 September 2026
Logo Logo
Advertisement
गौतम नगर में भू-माफिया सक्रिय, बिना मंजूरी हो रहा निर्माण; शिकायत का इंतजार कर रहा नगर निगम

17 Sep 2026 | 43 Views

गौतम नगर में भू-माफिया सक्रिय, बिना मंजूरी हो रहा निर्माण; शिकायत का इंतजार कर रहा नगर निगम

डंप रोड के पास अवैध कॉलोनी और निर्माण का खेल! निगम की नाक के नीचे धड़ल्ले से कट रहे प्लॉट, बन रहीं दुकानें

 

 जालंधर(विकास )

बस्ती बावा खेल स्थित गौतम नगर डंप रोड के आसपास कथित रूप से अवैध कॉलोनी काटने और बिना अनुमति निर्माण कार्यों का मामला सामने आया है। इलाके में बड़े पैमाने पर प्लॉट काटे जाने के साथ-साथ दुकानों और अन्य व्यावसायिक इमारतों का निर्माण धड़ल्ले से जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सब नगर निगम की जानकारी के बावजूद हो रहा है, जिससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान पहुंच रहा है।

 

जानकारी के अनुसार यह क्षेत्र जालंधर नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आता है, लेकिन इसके बावजूद यहां निर्माण गतिविधियां लगातार जारी हैं। मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों को देखकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या संबंधित निर्माणकर्ताओं ने नगर निगम से आवश्यक नक्शा पास करवाया है और कॉलोनी विकसित करने की कानूनी अनुमति प्राप्त की है या नहीं।

 

जांच में सामने आए कई सवाल

 

स्थानीय स्तर पर की गई पड़ताल में यह तथ्य सामने आया कि कई स्थानों पर प्लॉटिंग और निर्माण कार्य बिना निगम की मंजूरी के किए जा रहे हैं। इलाके में नई दुकानों और भवनों का निर्माण तेजी से हो रहा है, जबकि नियमानुसार ऐसे निर्माणों के लिए संबंधित विभागों से अनुमति लेना आवश्यक होता है।

 

निगम का जवाब: शिकायत मिलेगी तो होगी कार्रवाई

 

जब इस संबंध में नगर निगम अधिकारियों से बात की गई तो उनका कहना था कि शिकायत मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के इस जवाब ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि खुलेआम चल रहे निर्माण कार्यों को देखने के लिए किसी शिकायत की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए और निगम को स्वयं संज्ञान लेकर जांच करनी चाहिए।

 

मिलीभगत के आरोप, लोगों में रोष

 

इलाके के निवासियों का आरोप है कि यदि बिना अनुमति निर्माण कार्य लंबे समय से जारी हैं तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। लोगों का कहना है कि निगम की निष्क्रियता के कारण भू-माफिया के हौसले बुलंद हैं और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

 

मांग: उच्चस्तरीय जांच कराए प्रशासन

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि गौतम नगर डंप रोड क्षेत्र में हो रही प्लॉटिंग और निर्माण गतिविधियों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

 

(नोट: समाचार में लगाए गए आरोप स्थानीय लोगों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी और मौके पर दिखाई दे रही निर्माण गतिविधियों पर आधारित हैं। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

Published on: 17 Sep 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News