जालंधर-अमृतसर हाईवे पर चलती कार में लगी भीषण आग, परिवार ने कूदकर बचाई जान
जालंधर, जालंधर-अमृतसर हाईवे पर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर फ्लाईओवर के पास एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार कार चालक की पहचान मलकीत सिंह निवासी गांव तलवंडी रईया, आदमपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मलकीत सिंह अपने परिवार के साथ जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती अपने पिता से मिलने जा रहे थे। जब वे जालंधर-अमृतसर हाईवे पर ट्रांसपोर्ट नगर फ्लाईओवर के पास पहुंचे, तभी उनकी कार में अचानक आग लग गई।
कार चालक को आग लगने की जानकारी पास से गुजर रहे लोगों ने दी। इसके बाद मलकीत सिंह और उनके परिवार ने तुरंत कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। परिवार और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर, सड़क सुरक्षा फोर्स और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
थाना नंबर 8 के जांच अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम से कार में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सवार अपने अस्पताल में भर्ती परिजन से मिलने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हालांकि इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।