जालंधर: शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी के संकेत मिल रहे हैं। विनीत धीर के नेतृत्व में नगर निगम अब सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार मेयर और डिप्टी मेयर मलकीत सिंह सुभाना ने शहर में बन रही और पहले से खड़ी कई अवैध बिल्डिंगों की सूची तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, बिना नक्शा पास कराए या नियमों की अनदेखी कर बनाई गई इमारतें प्रशासन के निशाने पर हैं। निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे निर्माणों की पहचान कर तुरंत रिपोर्ट पेश की जाए, ताकि कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
पिछले कुछ समय से शहर में अवैध कॉलोनियों और बिल्डिंगों की बढ़ती संख्या को लेकर आम लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही थी। कई इलाकों में नियमों को दरकिनार कर बहुमंजिला इमारतें खड़ी कर दी गईं, जिससे न केवल ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या बढ़ी, बल्कि सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठे।
नगर निगम सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में नोटिस जारी करने के साथ-साथ कुछ बड़े अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई भी हो सकती है। इससे बिल्डर लॉबी में हड़कंप मचने की संभावना है।
हालांकि, जानकारों का यह भी मानना है कि कार्रवाई की असली परीक्षा तब होगी जब प्रभावशाली लोगों से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर भी समान रूप से सख्ती दिखाई जाएगी।