जालंधर-लुधियाना रोड पर गोरायां के पास गांव संग ढेसियां में ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क के बीच बने पानी से भरे गड्ढों में धान के पौधे लगाकर प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
ग्रामीणों का कहना है कि संग ढेसियां की मुख्य सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। बूटा सिंह और भोगल ने बताया कि इस समस्या के बारे में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि सड़क की जल्द मरम्मत करवाई जाए, ताकि लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।
ग्रामीणों के अनुसार, प्रशासन की अनदेखी के कारण उन्हें प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। सड़क पर लगातार जलभराव रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि गड्ढों के कारण कई बार हादसे हो चुके हैं।
कुछ लोग चोटिल भी हुए हैं। ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।