केंद्रीय रेलवे एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के संदर्भ में आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे को अपने राजनीतिक हितों के लिए हाईजैक करने की कोशिश कर रही है। बिट्टू ने यह भी बताया कि उन्होंने पार्टी हाईकमान से लुधियाना जिले की किसी भी सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
बिट्टू ने कहा कि पेपर लीक की घटना दुखद है और अदालत इस पर सख्त कार्रवाई करेगी। संसद में इससे जुड़ा कानून भी पेश किया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के इस न्यायसंगत आंदोलन को कांग्रेस पार्टी ने पूरी तरह से हाईजैक कर लिया है।
संवैधानिक जिम्मेदारी छोड़कर सड़कों पर ड्रामा कर रहे
बिट्टू ने यह भी कहा कि जिन सांसदों को जनता ने संसद में मुद्दे उठाने के लिए चुना है, वे अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी छोड़कर सड़कों पर ड्रामा कर रहे हैं। यदि उन्हें केवल सड़कों पर ही उतरना है, तो अपनी सीटें उन युवाओं को सौंप दें। उन्होंने कांग्रेस के भीतर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के समर्थकों के बीच वर्चस्व की जंग का भी दावा किया।
पंजाब की राजनीति पर बात करते हुए रवनीत बिट्टू ने स्पष्ट किया कि उनका पूरा ध्यान अब राज्य में बीजेपी को मजबूत करने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि वे संतों व महापुरुषों का आशीर्वाद लेकर पंजाब को पुनः देश का नंबर-1 राज्य बनाने के मिशन पर निकले हैं।
बीजेपी का सीधा मुकाबला आप से होगा
बिट्टू ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी का सीधा मुकाबला आप से होगा। उन्होंने वर्तमान सरकार पर पंजाब को कर्ज के बोझ तले दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य का सर्वांगीण विकास केवल डबल इंजन सरकार से ही संभव है।
पंजाब में बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स स्थापित किए जाएंगे
उन्होंने पंजाब के लिए कई वादे भी किए। बीजेपी की सरकार बनने पर हरियाणा की तर्ज पर 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दिया जाएगा। साथ ही, बीजेपी शासित राज्यों के सहयोग से पंजाब में बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स स्थापित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा।