# किश्तवाड़ में बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तानी आतंकियों की मदद करने के आरोप में सरकारी शिक्षक गिरफ्तार
Kishtwar जिले में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छात्रू निवासी मशकूर अहमद उर्फ मशकूर मास्टर को गैर कानूनी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी सरकारी प्राइमरी स्कूल गुजराड़ी में शिक्षक के पद पर तैनात था।
जानकारी के अनुसार मशकूर अहमद पर आरोप है कि वह पाकिस्तानी आतंकियों को पनाह देने और उनकी मदद करने में शामिल था। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि इस मामले में एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक दोनों आरोपी पाकिस्तानी आतंकियों की सहायता करते थे और कथित तौर पर जैश कमांडर सैफुल्लाह के निर्देशों पर काम कर रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि गिरफ्तार शिक्षक लंबे समय से आतंकियों को स्थानीय और लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध करवा रहा था।
आरोप है कि आरोपी आतंकियों के लिए भोजन और राशन की व्यवस्था करता था। इसके अलावा उन्हें छिपने के लिए सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध करवाने और उनकी आवाजाही में मदद करने का भी काम करता था। सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं और उसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माना जा रहा था।
पुलिस ने विस्तृत जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया। अब उसके नेटवर्क और अन्य मददगारों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आतंकवाद को समर्थन देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।