LPU हिंसा मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, कैंपस में बढ़ाई गई सुरक्षा, 2 संदिग्ध हिरासत में
फगवाड़ा: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए भारी हंगामे, तोड़फोड़ और तनावपूर्ण माहौल के बाद पुलिस ने कैंपस में अपनी मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। बड़ी संख्या में पुलिस बल यूनिवर्सिटी परिसर में तैनात किया गया है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों को पूछताछ के लिए पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
कैंपस में चल रही कार्रवाई की अगुवाई एडीजीपी एम.एफ. फारूकी कर रहे हैं, जबकि पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह भी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि संबंधित छात्रावासों और अन्य क्षेत्रों की जांच की जाएगी तथा कैंपस में हुई तोड़फोड़ और हिंसा से जुड़े तथ्यों को एकत्र किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ छात्र भी पुलिस टीम के साथ मौजूद हैं और हंगामे में शामिल व्यक्तियों की पहचान करने में सहयोग कर रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी परिसर में व्यापक तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे कैंपस की संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल लगातार तैनात है और पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कैंपस में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, जबकि जांच और सुरक्षा व्यवस्था जारी है।