रवनीत सिंह बिट्टू को पाकिस्तान से फिर जान से मारने की धमकी, व्हाट्सएप पर आया वॉयस मैसेज
चंडीगढ़/लुधियाना: पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू को एक बार फिर पाकिस्तान से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। एक विदेशी नंबर से उनके व्हाट्सएप पर कथित तौर पर धमकी भरा वॉयस मैसेज भेजा गया है। संदेश भेजने वाले ने अपना नाम ‘मलिक एलेक्स’ बताया है।
बताया जा रहा है कि धमकी देने वाले ने बिट्टू को सार्वजनिक बयानबाजी बंद करने की चेतावनी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। कथित ऑडियो संदेश में अगले कुछ दिनों में हमला करने की बात कही गई है और उनके साथ रहने वाले सुरक्षाकर्मियों व अन्य लोगों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
जानकारी के अनुसार, यह संदेश जिस पाकिस्तानी नंबर से भेजे जाने का दावा किया जा रहा है, वह +92 328 415 7075 है। ऑडियो में आरोपी ने अपना परिचय ‘मलिक एलेक्स’ के तौर पर दिया और कथित तौर पर बिट्टू के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए विस्फोटक से हमला करने की धमकी दी।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
धमकी मिलने के बाद पंजाब पुलिस की सुरक्षा शाखा और खुफिया एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि संदेश वास्तव में पाकिस्तान से भेजा गया है या किसी वर्चुअल नंबर, वीपीएन अथवा अन्य तकनीकी माध्यम का इस्तेमाल कर धमकी भेजी गई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिट्टू की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा किए जाने की जानकारी है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां धमकी की विश्वसनीयता तथा इसके पीछे मौजूद व्यक्ति या समूह की पहचान करने में जुटी हैं।
रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत बेअंत सिंह के पोते हैं। इससे पहले भी उन्हें धमकियां मिलने के मामले सामने आते रहे हैं। फिलहाल ताजा धमकी के संबंध में जांच जारी है और पुलिस कथित वॉयस मैसेज की तकनीकी जांच के साथ-साथ इसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है।