दि रैवेन्यू पटवार यूनियन पंजाब की एक विशेष बैठक पंजाब प्रधान बलराज सिंह औजला और जिला प्रधान निर्मल सिंह रंधावा की अगुवाई में आयोजित की गई। बैठक में यूनियन पदाधिकारियों ने सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने का ऐलान किया।
यूनियन नेताओं ने बताया कि उनकी लंबित मांगों को पिछले कई वर्षों से पंजाब सरकार द्वारा नजरअंदाज किया जा रहा है। इसके विरोध में यूनियन ने 9 और 10 अप्रैल को पूरे पंजाब की सभी तहसीलों में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक हड़ताल कर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में पटवारियों को प्रमोट कर कानूनगो बनाने की प्रक्रिया कई वर्षों से लंबित पड़ी है। इसके अलावा नई भर्ती को लेकर भी सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जिससे मौजूदा पटवारियों पर काम का अत्यधिक बोझ बढ़ गया है।
यूनियन के अनुसार, एक-एक पटवारी को कई-कई सर्कल दिए गए हैं, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं महिला पटवारियों के लिए पटवारखानों में बुनियादी सुविधाएं, जैसे महिला शौचालय, भी उपलब्ध नहीं हैं।
यूनियन ने बताया कि उन्होंने कई बार पंजाब सरकार और जिला प्रशासन को मांग पत्र सौंपे, लेकिन उनकी समस्याओं पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते अब पूरे राज्य में प्रदर्शन का फैसला लिया गया है।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बैठक में यूनियन के खजांची नरेंद्र सिंह सहित कई पदाधिकारी और पटवारी मौजूद रहे।