पंजाब में मौसम को लेकर एक बार फिर अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान पटियाला में 32.5°C और सबसे कम तापमान बठिंडा में 16.6°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 8 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
खासतौर पर उत्तरी और मध्य पंजाब के जिलों जैसे पठानकोट, अमृतसर, होशियारपुर, जालंधर और लुधियाना समेत आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है।
इस मौसम बदलाव के चलते अगले 2 दिनों तक दिन के तापमान में लगभग 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। हालांकि इसके बाद तापमान धीरे-धीरे फिर बढ़ने लगेगा और 8 अप्रैल के बाद मौसम के दोबारा शुष्क होने के आसार हैं।