महानगर में जहां पहले लूट की घटनाएं ज्यादातर रात के समय होती थीं, वहीं अब लुटेरों ने अपना तरीका बदल लिया है। ताजा मामले में सुबह तड़के सैर करने निकले एक बुजुर्ग को निशाना बनाया गया।
जानकारी के अनुसार, ठाकुर सिंह कॉलोनी के प्रधान बलदेव राज शर्मा रविवार सुबह करीब 5 बजे रोजाना की तरह सूर्या एन्क्लेव के पास स्थित मॉम एंड चाइल्ड केयर क्लिनिक के पीछे पार्क में सैर कर रहे थे। बारिश के कारण पार्क में और कोई मौजूद नहीं था।
इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। दो युवकों ने अपने चेहरे रुमाल से ढके हुए थे। एक के हाथ में चाकू और दूसरे के पास लोहे की रॉड थी, जबकि तीसरा युवक मोटरसाइकिल स्टार्ट कर खड़ा था। आरोपियों ने बुजुर्ग को घेरकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
पीड़ित बलदेव राज शर्मा ने बताया कि लुटेरों ने उनके कुर्ते के बटन तक खोलकर चेक किया कि कहीं उन्होंने सोने-चांदी की चेन तो नहीं पहन रखी।
वहीं, थाना रामामंडी के एसएचओ यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
लोगों से अपील: सतर्क रहें
घटना के बाद बलदेव राज शर्मा ने लोगों से अपील की कि वे सुबह सैर के दौरान सतर्क रहें। कीमती सामान जैसे सोने-चांदी के गहने, नकदी और मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर जाएं। उन्होंने बताया कि कई मामलों में लुटेरे सैर कर रहे लोगों के मोबाइल फोन भी छीनकर फरार हो जाते हैं।