इंटरनेशनल डेस्क: ईरान की राजधानी तेहरान के दक्षिण-पश्चिम में स्थित इलाकों में सोमवार सुबह हुए हवाई हमलों से बड़ा नुकसान हुआ है। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्लामशहर के पास एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई।
अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसियों Fars News Agency और Noor News ने हमले की पुष्टि की है। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस इमारत को क्यों निशाना बनाया गया।
हमले की जिम्मेदारी पर सस्पेंस
इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है। न ही इजराइल और न ही अमेरिका ने इस घटना पर आधिकारिक तौर पर कोई दावा किया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की बात कही थी।
शरीफ यूनिवर्सिटी और गैस केंद्र भी निशाने पर
तेहरान में सोमवार तड़के हुए अन्य हवाई हमलों में Sharif University of Technology को भी निशाना बनाए जाने की खबर है। ईरानी मीडिया के अनुसार, यूनिवर्सिटी परिसर के पास स्थित एक प्राकृतिक गैस वितरण केंद्र भी प्रभावित हुआ है।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि परिसर के भीतर किस हिस्से को टारगेट किया गया। वर्तमान में युद्ध जैसे हालात के कारण यहां ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं और परिसर खाली बताया जा रहा है।
सैन्य संबंधों के चलते पहले से विवादों में रहा संस्थान
शरीफ प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पर पहले भी कई देशों द्वारा प्रतिबंध लगाए जा चुके हैं। माना जाता है कि इसका संबंध Islamic Revolutionary Guard Corps के नियंत्रण वाले ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से रहा है।
कोम में भी हमला, 5 लोगों की मौत
इसी बीच, तेहरान के दक्षिण में स्थित कोम शहर के एक रिहायशी इलाके में हुए हवाई हमले में कम से कम 5 लोगों की मौत की खबर है। यहां भी हमले के लक्ष्य को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
रातभर गूंजते रहे धमाके
स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार:
- पूरी रात धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं
- कम ऊंचाई पर लड़ाकू विमानों की आवाज से लोग दहशत में रहे
- सुरक्षा बल लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं
तनाव चरम पर
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ये हमले हालात को और गंभीर बना सकते हैं। फिलहाल पूरी दुनिया की नजर इस घटनाक्रम पर बनी हुई है।