• Wednesday, 22 July 2026
Logo Logo
Advertisement
सोना 1.43 लाख और चांदी 2.23 लाख रुपए के पार, लगातार दूसरे दिन तेज हुई चमक

22 Jul 2026 | 9 Views

सोना 1.43 लाख और चांदी 2.23 लाख रुपए के पार, लगातार दूसरे दिन तेज हुई चमक

सोना 1.43 लाख और चांदी 2.23 लाख रुपए के पार, लगातार दूसरे दिन तेज हुई चमक

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी, सुरक्षित निवेश की बढ़ी मांग से कीमती धातुओं को मिला सहारा

नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन जोरदार तेजी दर्ज की गई। बढ़ती मांग और वैश्विक परिस्थितियों के चलते दोनों कीमती धातुओं के भाव नए ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार 24 कैरेट सोने की कीमत 1.43 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गई है, जबकि चांदी का भाव 2.23 लाख रुपए प्रति किलोग्राम से अधिक हो गया है।

आईबीजेए के आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट सोने का दाम 883 रुपए यानी 0.61 प्रतिशत बढ़कर 1,43,137 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। इससे पहले इसका भाव 1,42,254 रुपए प्रति 10 ग्राम था। इसी तरह 22 कैरेट सोने की कीमत 1,30,305 रुपए से बढ़कर 1,31,113 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गई।

वहीं 18 कैरेट सोने में भी मजबूती दर्ज की गई। इसका भाव 662 रुपए बढ़कर 1,07,353 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया, जो पहले 1,06,691 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी उल्लेखनीय उछाल देखने को मिला। चांदी का भाव 3,629 रुपए यानी 1.65 प्रतिशत बढ़कर 2,23,204 रुपए प्रति किलोग्राम पहुंच गया। इससे पहले चांदी 2,19,575 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर भी दोनों धातुओं में तेजी का रुख बना रहा। खबर लिखे जाने तक 5 अगस्त 2026 के सोना वायदा अनुबंध में 0.82 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और यह 1,42,550 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं 4 सितंबर 2026 के चांदी वायदा अनुबंध में 2.13 प्रतिशत की तेजी रही और इसका भाव 2,23,057 रुपए प्रति किलोग्राम पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कीमती धातुओं की कीमतों में मजबूती देखी गई। कॉमेक्स पर सोना 1.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,064 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 3.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ा है, जिससे सोने और चांदी की मांग में इजाफा हुआ है। जानकारों के अनुसार निकट भविष्य में सोने की कीमत 1,41,000 रुपए से 1,45,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के दायरे में बनी रह सकती है।

Published on: 22 Jul 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News