• Wednesday, 22 July 2026
Logo Logo
Advertisement
दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन, चन्नी, रंधावा और वड़िंग समेत कई नेता हिरासत में

22 Jul 2026 | 10 Views

दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन, चन्नी, रंधावा और वड़िंग समेत कई नेता हिरासत में

दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन, चन्नी, रंधावा और वड़िंग समेत कई नेता हिरासत में

पेपर लीक मामले और छात्र आंदोलन के समर्थन में पीएम आवास के निकट धरना, पुलिस कार्रवाई का कांग्रेस ने किया विरोध

नई दिल्ली: पेपर लीक मामले और सीजेपी कार्यकर्ताओं के समर्थन में कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के निकट जोरदार प्रदर्शन किया। इस धरने में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।

प्रदर्शन में पंजाब कांग्रेस के सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग, गुरजीत सिंह औजला, धर्मवीर गांधी सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने “प्रधानमंत्री इस्तीफा दो” और “गुंडागर्दी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया।

धरना शुरू होने के कुछ समय बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, राजा वड़िंग समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेताओं ने हाथों में प्रतीकात्मक हथकड़ियां पहनकर छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।

जानकारी के अनुसार, हिरासत के दौरान दिल्ली पुलिस चरणजीत सिंह चन्नी को बस तक ले गई। इस दौरान चन्नी ने भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं राजा वड़िंग और सुखजिंदर रंधावा की भी पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस हुई।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज भी किया। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। घटना के बाद कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।

सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं को बाद में कुछ किलोमीटर दूर ले जाकर छोड़ दिया गया। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

Published on: 22 Jul 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News