• Saturday, 5 September 2026
Logo Logo
Advertisement
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्रियों ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

04 Sep 2026 | 83 Views

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्रियों ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्रियों ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 4 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत दिल्ली, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, हरियाणा और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, कर्मयोग, धर्म और सत्य के संदेश को याद करते हुए लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से जीवन में प्रेम, करुणा, धर्म और निष्काम कर्म के आदर्श स्थापित होने की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से समाज में सुख, शांति, समृद्धि और लोकमंगल का विस्तार हो।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से प्रत्येक घर में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के शाश्वत संदेश को याद करते हुए लोगों से धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य जीवन धर्म, सत्य, कर्तव्य और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि जन्माष्टमी का पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह, उमंग और सकारात्मकता का संचार करे।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान श्रीकृष्ण को धर्म संस्थापक तथा भक्ति, ज्ञान और कर्मयोग का परम प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े पावन स्थलों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से भावी पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग के संदेश को आत्मसात करने की अपील की।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण धर्म की स्थापना और सत्य के मार्ग का संदेश देने वाले हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव की कामना की।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र की पावन भूमि पर श्रीमद्भगवद्गीता का दिव्य संदेश देने वाले भगवान श्रीकृष्ण को नमन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना करते हुए कहा कि यह पर्व लोगों को प्रेम, भक्ति, सद्भाव और धर्म-सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई दी। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव का संचार होने तथा राजस्थान के निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने की प्रार्थना की।

वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म के मार्ग पर अडिग रहने, कर्म को सर्वोच्च मानने और सत्य के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को मानव जीवन के लिए मार्गदर्शक बताते हुए समाज में प्रेम, शांति, समृद्धि, संस्कार और मानवता के मूल्यों के मजबूत होने की कामना की।

देशभर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

Published on: 04 Sep 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News