Skip to content

कनाडा के सरी में पंजाबी युवक और उसकी गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या, वॉलमार्ट पार्किंग में बरसाईं गोलियां

कनाडा के सरी में पंजाबी युवक और उसकी गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या, वॉलमार्ट पार्किंग में बरसाईं गोलियां
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

कनाडा के सरी में पंजाबी युवक और उसकी गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या, वॉलमार्ट पार्किंग में बरसाईं गोलियां

लाल रंग की मस्टैंग में बैठे कपल को बनाया निशाना; वारदात के बाद सफेद सेडान कार जलाकर फरार हुए हमलावर, पुलिस ने बताया टारगेटेड किलिंग

कनाडा के सरी शहर में एक सनसनीखेज गोलीबारी की घटना में पंजाबी युवक और उसकी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी गई। दोनों एक लाल रंग की फोर्ड मस्टैंग कार में बैठे थे, तभी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात के बाद आरोपी अपनी सफेद रंग की सेडान कार को आग लगाकर फरार हो गए। पुलिस शुरुआती जांच में इसे टारगेटेड किलिंग मान रही है, जबकि संगठित अपराध से जुड़े होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, अभी इसे गैंगवार घोषित नहीं किया गया है।

वॉलमार्ट पार्किंग में बैठे कपल पर फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार, 15 नवंबर की रात करीब 10:38 बजे सरी के 124 स्ट्रीट और 88 एवेन्यू स्थित वॉलमार्ट के सामने पार्किंग में हुई। वहां लाल रंग की स्पोर्ट्स कार में 23 वर्षीय युवक और 24 वर्षीय युवती मौजूद थे।

इसी दौरान हमलावर मौके पर पहुंचे और कार को निशाना बनाते हुए कई गोलियां चला दीं। सूचना मिलते ही इमरजेंसी सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गोलीबारी के 13 मिनट बाद सफेद कार को लगाई आग

इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) के अनुसार, गोलीबारी के करीब 13 मिनट बाद रात 10:51 बजे प्रिंसेस ड्राइव के 9700 ब्लॉक में एक सफेद रंग की सेडान कार में आग लगने की सूचना मिली।

जांचकर्ताओं को संदेह है कि हमलावरों ने वारदात में इसी कार का इस्तेमाल किया था और बाद में सबूत मिटाने के लिए उसे आग लगाई गई। हालांकि, वाहन और वारदात के बीच संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

पुलिस ने बताया टारगेटेड किलिंग, संगठित अपराध का संदेह

मामले की जांच IHIT कर रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि हमले में किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाया गया था। संगठित अपराध से जुड़े संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी इसे गैंगवार करार नहीं दिया है।

जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि मृतक युवक पहले हथियारों और फायरआर्म्स से जुड़े मामलों को लेकर पुलिस के रडार पर रहा था। हालांकि, पुलिस ने हत्या के पीछे की वजह या आरोपियों के संबंध में अभी कोई अंतिम जानकारी साझा नहीं की है।

दोनों डेल्टा इलाके के निवासी, परिवार को दी गई सूचना

पुलिस के अनुसार, दोनों मृतक पंजाबी मूल के थे और डेल्टा इलाके में रहते थे। युवक की पहचान की पुष्टि कर उसके परिवार को सूचित कर दिया गया है, जबकि युवती की पहचान संबंधी प्रक्रिया जारी थी।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, युवक के पिता ने युवती को अपने बेटे की गर्लफ्रेंड बताया है। परिवार के मुताबिक, दोनों घटना के समय एक ही कार में मौजूद थे।

कैलगरी से लौट रहे पिता को फोन पर मिली बेटे की मौत की खबर

मृतक युवक के पिता ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह ट्रक ड्राइवर हैं और घटना के समय कैलगरी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें फोन पर बेटे की हत्या की सूचना मिली।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद उन्हें यह तक जानकारी नहीं मिल सकी कि बेटे का शव कहां ले जाया गया है। पिता ने अपने बेटे को आखिरी बार देखने की इच्छा जताई।

तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था मृतक

परिवार के अनुसार, मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में एक छोटा भाई और एक बहन हैं। अचानक हुई इस वारदात से परिवार गहरे सदमे में है।

फिलहाल कनाडा पुलिस हमलावरों की पहचान, वारदात में इस्तेमाल वाहन और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से संबंधित जानकारी, वीडियो फुटेज या अन्य सुराग हों, तो वह जांच एजेंसियों के साथ साझा करे।