3 स्टार कॉलोनी में देर रात हमला: 20-25 युवकों ने घर पर की पत्थरबाजी, एक घायल
शहर की 3 स्टार कॉलोनी में देर रात उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब 20 से 25 युवकों के एक समूह ने एक घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर तेजधार हथियारों से लैस थे और उन्होंने घर के मुख्य गेट पर तलवारों से वार करने के साथ-साथ जमकर पत्थरबाजी की।
पीड़ित Rajinder Kumar ने बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम है। उनके अनुसार, कृष्णा नामक व्यक्ति अपने कई साथियों के साथ निहंग बाणे में उनके घर पहुंचा और पूरे परिवार को डराने-धमकाने की नीयत से हमला किया। परिवार का दावा है कि यह उनके ऊपर तीसरा हमला है।
राजिंदर कुमार ने बताया कि वह करियाना की दुकान चलाते हैं, जबकि उनका बेटा टैक्सी चालक है। करीब छह महीने पहले टैक्सी राइड को लेकर हुए विवाद के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। आरोप है कि इसी विवाद के चलते पहले उनके छोटे बेटे रोहित पर हमला किया गया और करीब एक महीने पहले दूसरे बेटे बॉबी को भी निशाना बनाया गया था। अब देर रात पूरे परिवार के घर पर हमला कर दिया गया।
पत्थर लगने से युवक घायल, पैर में फ्रैक्चर
हमले के दौरान हुई पत्थरबाजी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है।
पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप
पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले भी कई बार शिकायतें देने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि इसी कारण हमलावरों के हौसले लगातार बढ़ते गए।
परिवार के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना नंबर-8 की पुलिस सुबह मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं पीड़ित परिवार न्याय की मांग को लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचा है।
परिवार का कहना है कि आरोपियों को कानून का कोई भय नहीं है और यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा और गंभीर हादसा हो सकता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।