अमृतसर में ठगी का हैरान करने वाला मामला! बाबा जी के नाम पर महिला से उतरवाया सोना, आरोपी फरार
तारां वाले पुल पर टहल रही महिला को झांसे में लेकर वारदात को दिया अंजाम, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
अमृतसर: शहर के तारां वाले पुल पर टहलने निकली एक महिला के साथ ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात युवक और युवती ने महिला को अपनी बातों में उलझाकर उसका सोने का सामान उतरवा लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, महिला रोजाना की तरह तारां वाले पुल पर टहल रही थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग उसके पास पहुंचे और उसे बताया कि वहां बाबा जी आए हुए हैं तथा वह उनकी बात सुने। आरोप है कि महिला उनकी बातों में आ गई और आरोपियों ने उसे इस तरह अपने प्रभाव में ले लिया कि उसने अपने पहने हुए सोने के गहने उतार दिए।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने महिला को सोने के गहने एक पोटली में रखने और कुछ ही घंटों में सोना दोगुना होने का झांसा दिया। महिला उनकी बातों पर विश्वास कर बैठी, लेकिन आरोपी सोने का सामान लेकर वहां से फरार हो गए। कुछ समय बाद ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस से संपर्क किया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे अलग-अलग सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध युवक और युवती की पहचान करने तथा उनका पता लगाने में जुटी हुई है।
मकबूलपुरा थाने की एसएचओ अमनदीप कौर के अनुसार, महिला की शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अनजान लोगों की बातों में न आएं
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं। सोना दोगुना करने, चमत्कार दिखाने या किसी धार्मिक दावे के नाम पर गहने अथवा कीमती सामान मांगने वालों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।