बटाला। गुरदासपुर रोड स्थित नूर बेकरी के पास बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों पर गोलीबारी कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों को तत्काल बटाला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अमृतसर रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान साहिल (16) पुत्र परमजीत सिंह तथा आशीष मसीह पुत्र सुच्चा मसीह, निवासी गांव गिलावाली (बटाला) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
गोलीबारी में साहिल और आशीष को एक-एक गोली लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल बटाला पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दोनों को अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल रेफर कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।