कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके को टाइफाइड, जंतर-मंतर पर बढ़ी सुरक्षा
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर आज सरकार दे सकती है जवाब, आंदोलन का 36वां दिन
नई दिल्ली। पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का आंदोलन शनिवार को 36वें दिन में प्रवेश कर गया। इस बीच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक वीडियो जारी कर बताया कि उन्हें टाइफाइड हो गया है। उन्होंने कहा कि वे रोज सुबह आईवी ड्रिप ले रहे हैं, लेकिन आंदोलन जारी रहेगा।
उधर, दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार देर रात जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाई गई है और पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। हालिया खुफिया सूचनाओं के बाद पुलिस पहले ही कई लोगों को एहतियातन हिरासत में ले चुकी है। स्तीफा नहीं देते हैं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पार्टी के प्रवक्ताओं का कहना है कि उनकी प्रमुख मांग धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है और इसके बिना सरकार से बातचीत का कोई औचित्य नहीं है।
जानकारी के अनुसार, सीजेपी और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के बीच शनिवार दोपहर एक और दौर की बातचीत हो सकती है। इस बैठक में सरकार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अपना रुख स्पष्ट कर सकती है।
इससे पहले सीजेपी ने दावा किया था कि सरकार ने आंदोलन से जुड़ी कुछ मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है, जिनमें प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों की समीक्षा और अन्य राहत संबंधी मुद्दे शामिल हैं। हालांकि, इस संबंध में सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
शनिवार सुबह भी जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे। प्रदर्शन स्थल पर मेडिकल सहायता शिविर लगाया गया है, जहां स्वयंसेवी डॉक्टर आंदोलनकारियों का उपचार कर रहे हैं। वहीं, पूर्व में लाठीचार्ज में घायल हुए कई प्रदर्शनकारी भी दोबारा आंदोलन में शामिल होते दिखाई दिए।
अब सभी की नजरें आज होने वाली सरकार और सीजेपी की संभावित बैठक पर टिकी हैं, जिससे आंदोलन की आगे की दिशा तय हो सकती है।