फिल्लौर (जालंधर), 20 मार्च :विद्यार्थियों को अंतरिक्ष और विज्ञान से जुड़ी नवीनतम प्रौद्योगिकी तथा ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से, डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल और वाइस चेयरमैन पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड मोहाली प्रिंसीपल प्रेम कुमार ने आज स्कूल ऑफ एमिनेंस फिल्लौर में अति-आधुनिक स्पेस लैब का उद्घाटन किया।
इस मौके पर संबोधन करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि यह लैब विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाएगी और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी में आगे बढ़ने के अवसर देगी। उन्होंने बताया कि इस लैब के माध्यम से विद्यार्थी अंतरिक्ष, ग्रहों, रोबोटिक्स, मौसम की भविष्यवाणी, संचार और नैवीगेशन जैसे विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इस समारोह में सहायक कमिश्नर (यू.टी.) मुकिलन आर., एस.डी.एम. फिल्लौर दीपक भाटिया, जिला शिक्षा अधिकारी (सकैंडरी) डा.गुरिंदरजीत कौर भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा ‘शिक्षा क्रांति’ के तहत विद्यार्थियों को विश्व स्तरीय शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पंजाब सरकार की हिदायतों अनुसार प्रशासन जिले के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा सुविधाएं देने के लिए पूरी कोशिश कर रहा है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि आज का युग विज्ञान और प्रौद्योगिकी का है और स्पेस के बारे में ज्ञान प्राप्त करके विद्यार्थियों के भविष्य के लिए नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि इस लैब से शिक्षा लेकर वे भविष्य में स्पेस वैज्ञानिक बनकर अपने जिले, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में ऐसी लैब खोलने से यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के बारे में बेहतर तरीके से सीखने का मौका मिलेगा। इसी तरह की एक स्पेस लैब स्कूल ऑफ एमिनेंस आदमपुर में भी स्थापित की गई है, जिसका हाल ही में मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने दौरा भी किया था।
डा.अग्रवाल ने घोषणा की कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में भी ऐसी स्पेस लैब स्थापित की जाएंगी।
उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ जीवन में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है और मेहनत से कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को दृढ़ता के साथ आगे बढ़ने के लिए उत्साहित किया।
इससे पहले डिप्टी कमिश्नर और प्रिंसीपल प्रेम कुमार ने स्पेस लैब का दौरा किया और विद्यार्थियों से बातचीत भी की।
इस मौके पर उप जिला शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार जोशी, प्रिंसीपल स्कूल ऑफ एमिनेंस फिल्लौर तरलोक सिंह, चेयरमैन एस.एस.सी. कमेटी डा. वैभव शर्मा, सेक्रेटरी रैड क्रॉस सोसाइटी सुरजीत लाल और स्कूल का पूरा स्टाफ मौजूद था।