रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सगे पिता ने ही अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को हवस का शिकार बना डाला। पीड़िता की शिकायत पर थाना जमालपुर की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता अरविंद शर्मा के खिलाफ पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दिए बयानों में पीड़िता की मां ने बताया कि बीते 5 अगस्त को उसकी 16 वर्षीय बेटी घर पर मौजूद थी। उसी दिन उसका पति अरविंद शर्मा भी तबीयत ठीक न होने का बहाना बनाकर काम पर नहीं गया और घर पर ही रुक गया। पीड़िता की मां जब शाम को काम खत्म कर घर लौटी, तो उसकी नाबालिग बेटी ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई।
पीड़िता ने बताया कि जब वह अपना काम निपटाकर कमरे में आराम कर रही थी, तो उसके पिता अरविंद शर्मा ने घर में उसे अकेली पाकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता ने बेटी को धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को भी बताया, तो वह उसे जान से मार देगा। पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता अरविंद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
Crime