मोदी सरकार के दबाव में मेटा विपक्ष की आवाज दबा रहा है: अरविंद केजरीवाल का आरोप
नई दिल्ली, 6 अगस्त। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भारत में उनके इंस्टाग्राम अकाउंट को प्रतिबंधित (रिस्ट्रिक्ट) कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि यह कार्रवाई मोदी सरकार के दबाव में की गई है ताकि पेपर लीक और ई-20 पेट्रोल जैसे मुद्दों पर उठ रही आवाजों को दबाया जा सके।
केजरीवाल ने कहा कि उन्हें इंस्टाग्राम की ओर से सूचना मिली कि उनका अकाउंट भारत में सीमित कर दिया गया है। उनका आरोप है कि कारण जानने और प्रतिबंध हटाने के संबंध में मेटा से संपर्क करने के बावजूद उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
उन्होंने दावा किया कि केवल उनका ही नहीं, बल्कि सरकार की आलोचना करने वाले कई अन्य लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट भी सीमित किए जा रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से अपील की कि वे उन्हें डायरेक्ट मैसेज (DM) या कमेंट के जरिए जानकारी दें, ताकि इस मुद्दे को सामूहिक रूप से मेटा के समक्ष उठाया जा सके।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मेटा और मेटा इंडिया को टैग करते हुए सवाल किया कि उनके अकाउंट पर प्रतिबंध क्यों लगाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि यही स्थिति रही तो भविष्य में प्रधानमंत्री के अलावा किसी अन्य की आवाज सोशल मीडिया पर नहीं सुनाई देगी।