जालंधर में सैलून के बाहर युवक पर तेजधार हथियारों से हमला, गंभीर घायल
दाढ़ी सेट करवाने आया था युवक, मामूली कहासुनी के बाद 5 युवकों ने किया हमला
जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक हेयर सैलून पर दाढ़ी सेट करवाने आए युवक पर कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक सैलून में दाढ़ी सेट करवाने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी कुछ युवकों के साथ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और करीब पांच युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की बुआ नीलम ने बताया कि वह उसी समय वहां से गुजर रही थीं। उन्होंने देखा कि उनका भतीजा कुछ युवकों से घिरा हुआ है और उस पर लगातार हमला किया जा रहा है। नीलम के अनुसार, युवक के सिर से इतना अधिक खून बह रहा था कि उसका चेहरा तक पहचान में नहीं आ रहा था।
उन्होंने बताया कि जब वह अपने भतीजे को बचाने के लिए आगे बढ़ीं तो आरोपियों ने उन्हें भी धक्का दे दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को बुलाने की चेतावनी दी, जिस पर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद सैलून के अंदर और बाहर खून के निशान दिखाई दिए। मौके से एक बाइक और एक तेजधार हथियार भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह वारदात बुड्डा मल ग्राउंड के पास हुई, जो थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर स्थित है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और रोष का माहौल है। लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।