विधिपुर फ्लाईओवर के पास भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत; तीन बच्चियां गंभीर घायल
जालंधर। जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर विधिपुर फ्लाईओवर के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान लुधियाना जिले के गांव बिलासपुर निवासी सुरिंदर शुक्ला, उनकी पत्नी प्रियंका शुक्ला और माता यावंती के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल तीनों बच्चियों का अस्पताल में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरिंदर शुक्ला अपने परिवार के साथ कार में ब्यास की ओर जा रहे थे। जब उनकी स्विफ्ट कार विधिपुर फ्लाईओवर के पास पहुंची तो सामने से कथित तौर पर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद इनोवा चालक मौके पर रुका नहीं और घायलों की सहायता करने के बजाय वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय स्विफ्ट कार चला रहे सुरिंदर शुक्ला के साथ उनकी पत्नी, मां और तीनों बेटियां सवार थीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रियंका शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में उपचार के दौरान सुरिंदर शुक्ला ने रात करीब 8 बजे और उनकी माता यावंती ने रात करीब 9 बजे दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल 13 वर्षीय अंशिका की दोनों टांगों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। वहीं 8 वर्षीय अर्पिता और 1 वर्षीय मानवी भी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
इस हादसे ने तीन मासूम बच्चियों से उनके माता-पिता और दादी का साया छीन लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार इनोवा चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।