• Monday, 6 July 2026
Logo Logo
Advertisement
कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल ने सीएम मान को घेरने के लिए बनाई ‘टीम ए, बी, सी’: बलतेज पन्नू

06 Jul 2026 | 121 Views

कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल ने सीएम मान को घेरने के लिए बनाई ‘टीम ए, बी, सी’: बलतेज पन्नू

कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल ने सीएम मान को घेरने के लिए बनाई ‘टीम ए, बी, सी’: बलतेज पन्नू

चंडीगढ़, 5 जुलाई। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के राज्य मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ एकजुट होकर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि इन दलों के पास आप सरकार के कामकाज का कोई जवाब नहीं है, इसलिए वे केवल मुख्यमंत्री को निशाना बनाने में जुटे हुए हैं।

रविवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पन्नू ने कहा कि कांग्रेस इस समय गंभीर आंतरिक कलह से गुजर रही है और पंजाब के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय नेतृत्व संघर्ष में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मौजूदा स्थिति उसके राजनीतिक दिशाहीनता को दर्शाती है।

पन्नू ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के नेताओं द्वारा एक-दूसरे की पार्टियों के अंदरूनी मामलों पर लगातार बयान दिए जा रहे हैं, जिससे दोनों दलों के बीच तालमेल होने का संकेत मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल मिलकर "टीम ए, बी और सी" के रूप में काम कर रहे हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को घेरना है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की मौजूदा नेतृत्व संरचना में बड़ी संख्या में पूर्व कांग्रेस नेता शामिल हैं। उनके अनुसार, राज्य में भाजपा अब कांग्रेस के एक अन्य स्वरूप के रूप में दिखाई दे रही है।

सीनियर कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की हालिया मुलाकात का उल्लेख करते हुए पन्नू ने कहा कि विपक्षी दलों की गतिविधियां राजनीतिक समीकरणों की ओर संकेत करती हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मुलाकात के संबंध में रंधावा अपना पक्ष स्पष्ट कर चुके हैं।

आप सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए पन्नू ने दावा किया कि दशकों बाद गांवों तक नहर का पानी पहुंचाया गया है और 600 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से लगभग 90 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिल शून्य आए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को दिन के समय बिजली और नहर का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की योजना के तहत लाभ मिलना शुरू हो गया है तथा शेष पात्र लाभार्थियों को 1 अगस्त से बकाया राशि प्रदान की जाएगी।

पन्नू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास पंजाब के विकास के लिए कोई स्पष्ट विज़न, रोडमैप या नेतृत्व नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का मुकाबला करने के बजाय केवल राजनीतिक आलोचना तक सीमित हैं।

अपने संबोधन के अंत में पन्नू ने दावा किया कि कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक नजदीकियां बढ़ रही हैं तथा कांग्रेस के कुछ नेता भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग ऐसी राजनीति को समझ रहे हैं और भविष्य में इसका जवाब देंगे।

 

Published on: 06 Jul 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News