• Saturday, 13 June 2026
Logo Logo
Advertisement
जालंधर में शोरूम पर फायरिंग, 50 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप; CCTV में कैद हुई वारदात

13 Jun 2026 | 96 Views

जालंधर में शोरूम पर फायरिंग, 50 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप; CCTV में कैद हुई वारदात

जालंधर में शोरूम पर फायरिंग, 50 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप; CCTV में कैद हुई वारदात

जालंधर। शहर के किशनपुरा चौक के पास स्थित BMS Fashion शोरूम पर मंगलवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

शोरूम मालिक सुभाष चंद्र ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को एक दिन पहले अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। उन्होंने बताया कि पहले सामान्य कॉल और बाद में व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी दी गई। आरोपियों ने पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी थी।

पीड़ित के अनुसार, सोमवार को हुई बारिश के कारण कथित आरोपियों ने अपनी योजना को अंजाम नहीं दिया, लेकिन मंगलवार दोपहर बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने शोरूम को निशाना बनाते हुए गोलियां चला दीं।

सुभाष चंद्र ने बताया कि फायरिंग की घटना के बाद भी आरोपियों का फोन आया। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की मौजूदगी में उन्हें दोबारा धमकी दी गई और कहा गया कि यह केवल "ट्रेलर" है। कथित तौर पर फोन करने वालों ने कहा, "डीएसपी, एसपी जिसे बुलाना है बुला लो, हमें पैसे चाहिए।"

घटना के बाद सामने आई नई सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बाइक के पीछे बैठे युवक ने सरेआम शोरूम की ओर फायरिंग की और फिर साथी के साथ फरार हो गया।

मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड बिट्टू ने बताया कि वह खाना खाने के बाद वापस आया तो उसे घटना की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि उनकी ड्यूटी शोरूम के अंदर रहती है और फायरिंग के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थे।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी और धमकी से जुड़ा माना जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भय और चिंता का माहौल है।

Published on: 13 Jun 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News