जालंधर में दिनदहाड़े स्नैचिंग, महिला की सोने की बालियां छीनकर फरार हुए बाइक सवार
जालंधर में स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला किशनपुरा और लंबा पिंड चौक के पास का है, जहां दिनदहाड़े बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके कानों से सोने की बालियां छीन लीं और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित महिला, जो लंबा पिंड क्षेत्र की निवासी है, ने बताया कि वह अपनी बहू और बच्चे के साथ माई हीरां गेट से सामान खरीदकर एक्टिवा पर घर लौट रही थी। जब वे चड्ढा स्वीट्स के पास पहुंचे, तभी बाइक पर सवार दो युवक उनके करीब आए और झपट्टा मारकर कानों की दोनों बालियां छीनकर फरार हो गए।
महिला के अनुसार, छीनी गई बालियों का वजन करीब 8 से 9 तोला सोना था, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की शिकायत थाना-8 की पुलिस को दे दी गई है। पीड़िता का कहना है कि शहर में स्नैचरों को पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है, जिसके चलते वे खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने भी कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह सड़क हमेशा व्यस्त रहती है और यहां अक्सर ट्रैफिक जाम लगा रहता है। इसके बावजूद बदमाश बेखौफ होकर स्नैचिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।