'हार्ट अटैक पराठा' वाले वीर दविंदर सिंह बडाला ने मॉडल टाउन पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मॉडल टाउन क्षेत्र में अपने मशहूर 'हार्ट अटैक पराठा' कार्ट के लिए चर्चित वीर दविंदर सिंह बडाला एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में उन्होंने मॉडल टाउन पुलिस पर उनका कार्ट जबरन बंद करवाने और झूठा मामला दर्ज करने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
वीर दविंदर सिंह का कहना है कि पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी है कि यदि उनका कार्ट रात 12 बजे के बाद खुला मिला तो उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ पहले ही दो मामले दर्ज किए जा चुके हैं और अब तीसरा मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है, जबकि मॉडल टाउन इलाके में रात 12 बजे के बाद भी कई अन्य फूड कार्ट और स्टॉल संचालित होते रहते हैं। उनका सवाल है कि कार्रवाई केवल उनके खिलाफ ही क्यों की जा रही है।
वीर दविंदर सिंह ने यह भी कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है। उनके अनुसार, पिछले तीन वर्षों के दौरान कई बार उनके कार्ट को बंद करवाने के प्रयास किए गए हैं।
गौरतलब है कि वीर दविंदर सिंह का 'हार्ट अटैक पराठा' सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय है। उनके कार्ट पर कई नामी हस्तियां भी पहुंच चुकी हैं। मशहूर कॉमेडियन Kapil Sharma भी यहां के पराठों का स्वाद चख चुके हैं, जिसके बाद यह कार्ट और अधिक चर्चा में आ गया था।
हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।