नकोदर डेरे से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, पति-पत्नी और 6 वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत
फिल्लौर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नकोदर डेरे से माथा टेककर वापस लौट रहे एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी 6 वर्षीय मासूम बेटी शामिल हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने प्रशासन से इंसाफ की मांग की है।
जानकारी के अनुसार लुधियाना निवासी विनय (38), उनकी पत्नी सुमन (35) और 6 वर्षीय बेटी कवीशा अपने रिश्तेदारों के साथ नकोदर डेरे से माथा टेककर घर लौट रहे थे। विनय अपनी पत्नी और बेटी के साथ एक्टिवा स्कूटर पर सवार थे। जब वे फिल्लौर के हरीपुर खालसा गेट के पास पहुंचे तो एक तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सुमन और उनकी बेटी कवीशा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
मृतक के एक करीबी दोस्त ने बताया कि परिवार धार्मिक यात्रा से लौट रहा था और सभी लोग सुरक्षित घर पहुंचने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दुखद हादसा हो गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।
हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस प्रशासन से दोषी कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि कार चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।