कौमी इंसाफ मोर्चा के पंजाब बंद का असर, कई शहरों में बाजार बंद; मोहाली में कड़ी सुरक्षा
बंदी सिखों की रिहाई और जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की मांग, दोपहर 2 बजे तक बंद का आह्वान
कौमी इंसाफ मोर्चा ने बंदी सिखों की रिहाई, जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने और 15 अगस्त को मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आज पंजाब बंद का आह्वान किया है। मोर्चे ने सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंजाब के प्रमुख हाईवे, स्टेट हाईवे और जिला मार्गों पर यातायात रोकने की अपील की है। बंद का असर राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है।
कई बड़े शहरों में बाजार और दुकानें बंद हैं। कुछ स्थानों पर बसों ने बस स्टैंड से पहले ही यात्रियों को उतार दिया, जबकि निजी बसों की आवाजाही जारी है। रेलवे स्टेशनों पर फिलहाल किसी बड़े प्रदर्शन की सूचना नहीं है और ट्रेनें निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं। मोहाली में खरड़ फ्लाईओवर के पास देसू माजरा जंक्शन को भी बंद किया गया है।
कौमी इंसाफ मोर्चा का धरना मोहाली में चल रहा है, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मोहाली पुलिस ने 1000 से अधिक जवानों को तैनात किया है। प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस ने मोहाली और चंडीगढ़ के बीच पांच प्रमुख बॉर्डर प्वाइंटों को बंद रखने की तैयारी की है। प्रदर्शन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस द्वारा प्रदर्शन की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। पुलिस ने मोहाली से चंडीगढ़ रोजाना आने-जाने वाले कर्मचारियों और अन्य लोगों से शुक्रवार को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
मोर्चे ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में सड़क और रेल मार्गों पर धरना देने का आह्वान किया है। इसके चलते बस, ऑटो, टैक्सी और निजी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि रेलवे स्टेशन पर फिलहाल ट्रेनों का संचालन सामान्य बताया जा रहा है।
बंद के दौरान बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शॉपिंग मॉल और थोक मंडियों को बंद रखने की अपील की गई है। कई क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थान भी बंद रहे हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने अपने अधीन आने वाले सभी शैक्षणिक संस्थानों और दफ्तरों को 21 अगस्त को बंद रखने की घोषणा की है।
इसके अलावा चंडीगढ़ और मोहाली के कई निजी स्कूलों ने भी शुक्रवार को छुट्टी घोषित की है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की गई है। पुलिस पूरे हालात पर नजर रख रही है।