न्यूयॉर्क। वैश्विक बैंकिंग कंपनी JPMorgan Chase इन दिनों गंभीर कानूनी विवाद में घिर गई है। कंपनी की सीनियर अधिकारी Lorna Hajdini पर उनके ही एक जूनियर कर्मचारी ने यौन शोषण, नस्लीय टिप्पणी और करियर बर्बाद करने की धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या है मामला?
यह मामला New York की एक अदालत में विचाराधीन है। सुरक्षा कारणों से शिकायतकर्ता की पहचान गुप्त रखी गई है और उसे ‘जॉन डो’ नाम दिया गया है। अदालती दस्तावेजों के अनुसार विवाद की शुरुआत 2024 में हुई थी।
शिकायत में आरोप है कि अधिकारी ने शुरुआत से ही कर्मचारी को निशाना बनाया। एक घटना में कथित तौर पर उन्होंने जानबूझकर पेन गिराकर कर्मचारी को अनुचित तरीके से छुआ। बाद में उसे ड्रिंक्स पर बुलाकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला गया।
‘करियर बर्बाद करने’ की धमकी
कर्मचारी का आरोप है कि मना करने पर अधिकारी ने अपनी पद की शक्ति का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी कि बात न मानने पर उसका करियर खत्म कर दिया जाएगा।
नस्लीय टिप्पणी और ड्रग्स देने का आरोप
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि कर्मचारी को ‘ब्राउन बॉय इंडियन’ कहकर अपमानित किया गया। साथ ही ‘रोहिप्नोल’ जैसे तथाकथित डेट रेप ड्रग देने के आरोप भी लगाए गए हैं, ताकि वह विरोध न कर सके।
कंपनी ने आरोपों से किया इनकार
पीड़ित ने मई 2025 में कंपनी प्रबंधन से शिकायत की थी, लेकिन JPMorgan Chase ने आंतरिक जांच के बाद कहा कि आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत नहीं मिले। कंपनी का यह भी कहना है कि कर्मचारी ने जांच में पूरा सहयोग नहीं किया।
मुआवजे की मांग
अब शिकायतकर्ता अदालत के जरिए भारी मुआवजे की मांग कर रहा है। उसका कहना है कि इस घटना के कारण उसकी नौकरी और करियर दोनों प्रभावित हुए हैं।
कौन हैं लोर्ना हजदिनी?
लोर्ना हजदिनी पिछले करीब 15 वर्षों से कंपनी के साथ जुड़ी हैं और वर्तमान में लेवरेज्ड फाइनेंस डिवीजन में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। यह मामला कॉरपोरेट जगत में सत्ता के दुरुपयोग पर नई बहस छेड़ रहा है।