जालंधर, 30 अप्रैल: डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने आज प्री-स्पैशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) के तहत चल रही मैपिंग प्रक्रिया का जायजा लेते हुए कहा कि इस कार्य में और तेजी लाई जाए।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि प्री-एस.आई.आर. के तहत शुरू की गई प्रक्रिया में वर्तमान मतदाता सूची के मतदाताओं का मिलान/मैपिंग वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जालंधर जिले में कुल 16,56,549 मतदाता है, जिनमें से 13,01,302 (कुल 78.55 प्रतिशत) मतदाताओं का मिलान बी.एल.ओ. द्वारा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जिले के 9 विधानसभा क्षेत्रों में आदमपुर में 87.97 प्रतिशत, करतारपुर में 87.15 प्रतिशत, फिल्लौर में 86.48 प्रतिशत, शाहकोट में 86.18 प्रतिशत, नकोदर में 85.92 प्रतिशत, जालंधर कैंट में 75.53 प्रतिशत, जालंधर वेस्ट में 66.90 प्रतिशत, जालंधर उत्तर में 65.30 प्रतिशत तथा जालंधर सेंट्रल में 64.70 प्रतिशत प्री-एस.आई.आर. मैपिंग (कुल 78.55 प्रतिशत) पूरी हो चुकी है।
श्री वालिया ने ई.आर.ओ. को निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में तेजी लाई जाए और बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि बी.एल.ओ. द्वारा अपने बूथों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे है और साथ ही घर-घर जाकर वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मिलान/मैपिंग के लिए वैरीफिकेशन की जा रही है।
उन्होंने ई.आर.ओ. को निर्देश दिया कि मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करने तथा एस.आई.आर. के दौरान बी.एल.ओ. को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि एस.आई.आर. के दौरान प्रत्येक मतदाता से बी.एल.ओ. द्वारा एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाया जाना है। यदि कोई मतदाता यह फॉर्म भरकर नहीं देता है, तो उसका नाम मतदाता सूची से हटाया भी जा सकता है।
जिला चुनाव अधिकारी ने मतदाताओं से यह भी अपील की कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपने नाम का वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मिलान अवश्य करवाएं। वर्ष 2003 की मतदाता सूची का विवरण भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट (ECINET) [https://voters.eci.gov.in/](https://voters.eci.gov.in/) या मुख्य चुनाव कार्यालय की वेबसाइट [https://elections.punjab.gov.in/Election/Public/Search](https://elections.punjab.gov.in/Election/Public/Search) Eroll 2003 पर देखा जा सकता है। इसके अलावा किसी भी सुझाव या जानकारी के लिए मतदाता हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
........