पंजाब कांग्रेस की आज(21 जुलाई) को दिल्ली में प्रभारी भूपेश बघेल से मीटिंग से पहले बागी गुट के नेता पूर्व CM व सांसद चरणजीत चन्नी का एक वीडियो वायरल हुआ है। यह वीडियो नई दिल्ली में संसद परिसर का है। वीडियो में दिख रहा है कि कांग्रेस के सीनियर नेताओं की तरफ से चन्नी को पूरी तरह इग्नोर किया गया है।
वीडियो में राहुल गांधी प्रियंका गांधी से बात कर रहे हैं। उनके साथ पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद हैं। इसी दौरान चरणजीत चन्नी आते हैं लेकिन वह राहुल गांधी के पास नहीं आते। वह पीछे की तरफ मंडराते रहते हैं। फिर आखिर में अमृतसर से सांसद गुरजीत औजला के साथ खड़े हो जाते हैं। हालांकि इस दौरान राहुल गांधी व प्रियंका गांधी चन्नी की तरफ देखते तक नहीं हैं।
आखिर में चन्नी सांसद औजला के साथ बात करने लगते हैं। माना जा रहा है कि ये वीडियो सोमवार, 20 जुलाई को मानसून सेशन के पहले दिन का है लेकिन इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
वहीं दिल्ली मीटिंग में आज फैसला होगा कि पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का 'रीयल बॉस' कौन होगा। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने दिल्ली में इंदिरा भवन में सीनियर नेताओं की मीटिंग बुलाई है। जिसमें प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व CM व सांसद चरणजीत चन्नी, नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, सुखजिंदर रंधावा भी शामिल हैं।
खास बात ये है कि पंजाब कांग्रेस में चुनाव से पहले चन्नी और वड़िंग की गुटबाजी के बीच यह पहली बार होगा, जब दोनों नेता एक ही जगह आमने-सामने बैठे होंगे। मीटिंग का एजेंडा विधानसभा चुनाव की तैयारियों का है, लेकिन कांग्रेस सूत्रों की माने तो इसमें सभी नेताओं को उनकी हद बता दी जाएगी।
चूंकि कांग्रेस हाईकमान पहले ही साफ कर चुका है कि राजा वड़िंग को प्रधान पद से नहीं हटाया जाएगा। ऐसे में संगठन की जिम्मेदारी उनके पास ही रह सकती है। बागी चन्नी गुट को भी हाईकमान टिकट वितरण में भूमिका और बहुमत मिलने की सूरत में चरणजीत चन्नी के नाम पर सीएम चेहरे के तौर पर विचार करने का भरोसा देकर खुश कर सकता है।