• Saturday, 6 June 2026
Logo Logo
Advertisement
पंजाब में 3.79 लाख मरीजों को मिला 654 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज, सीएम मान ने सेहत योजना की प्रगति की समीक्षा की

06 Jun 2026 | 86 Views

पंजाब में 3.79 लाख मरीजों को मिला 654 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज, सीएम मान ने सेहत योजना की प्रगति की समीक्षा की

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मुख्यमंत्री सेहत योजना (एमएमएसवाई) की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि यह योजना राज्य के लोगों के लिए बड़ी राहत और स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत माध्यम बनकर उभरी है। उन्होंने बताया कि अब तक 3.79 लाख मरीज इस योजना के तहत 654 करोड़ रुपये का नकद रहित (कैशलेस) इलाज प्राप्त कर चुके हैं।

समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार हर परिवार को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है और यह राज्य में सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवा कवरेज की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक योजना के तहत 23.01 लाख परिवारों को 47.27 लाख स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं। कार्डधारकों में 48.5 प्रतिशत पुरुष और 51.5 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं। वहीं, जारी किए गए स्वास्थ्य कार्डों में से 69 प्रतिशत ग्रामीण और 31 प्रतिशत शहरी क्षेत्रों के लोगों को दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि योजना को और अधिक सरल और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने के लिए सरकार कई तकनीकी सुधार कर रही है। स्वास्थ्य कार्ड डाउनलोड करने में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए व्हाट्सएप आधारित सुविधा और एक विशेष वेब पोर्टल विकसित किया जा रहा है। साथ ही मोबाइल ऐप आधारित पंजीकरण प्रणाली पर भी तेजी से काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत अब तक 835 अस्पताल सूचीबद्ध किए गए हैं, जिनमें 223 सरकारी और 612 निजी अस्पताल शामिल हैं। इससे लाभार्थियों को प्रदेशभर में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित हो रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के अंतर्गत पंजाब के सभी 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह योजना उन परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिन्हें पहले गंभीर बीमारियों के इलाज पर भारी खर्च करना पड़ता था। अब आर्थिक तंगी किसी भी परिवार को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित नहीं रख पाएगी।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Published on: 06 Jun 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News