जालंधर। बस स्टैंड पुलिस चौकी के बाहर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस हिरासत में लिया गया एक युवक चलती बाइक से छलांग लगाकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही देर बाद दोबारा काबू कर लिया।
जानकारी के अनुसार, देर रात सतलुज चौक के पास नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन के दस्तावेज अधूरे पाए गए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि युवक के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ बस स्टैंड पुलिस चौकी लेकर आ रही थी। इसी दौरान चौकी के गेट के बाहर युवक अचानक चलती बाइक से कूदकर भाग निकला। युवक के फरार होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
पुलिस ने वायरलेस के माध्यम से अन्य टीमों को सूचना दी और युवक का पीछा करते हुए नरेंद्र सिनेमा के पास से उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
काबू किए गए युवक की पहचान प्रिंस निवासी कोट किशन चंद के रूप में हुई है। प्रिंस का कहना है कि पुलिस ने उसे नाके पर रोका था और थाने ले जाया जा रहा था। उसने बताया कि वह घबरा गया था, जिसके कारण बाइक से उतरकर भाग गया।
मामले के जांच अधिकारी दविंदर कुमार ने बताया कि युवक को दोबारा हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।