मुंबई में अपनी आगामी फिल्म ‘दायरा’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान एक्ट्रेस करीना कपूर खान उस समय पैपराजी पर नाराज हो गईं, जब फोटो खिंचवाते समय उन्हें लगातार राइट और लेफ्ट होने के लिए कहा जाने लगा। बार-बार पोजिशन बदलने की हिदायत से परेशान करीना ने पैपराजी को टोकते हुए कहा कि कभी इधर तो कभी उधर जाने के लिए कहा जा रहा है, जबकि उन्होंने हील्स पहन रखी हैं।
फोटो सेशन के दौरान करीना के चेहरे पर नाराजगी साफ नजर आई। उन्होंने पैपराजी को समझाया कि हील्स पहनकर उनके लिए बार-बार इधर-उधर घूमना आसान नहीं है। करीना की इस प्रतिक्रिया का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह लगातार मिल रही हिदायतों से असहज नजर आ रही हैं।
इसी इवेंट के दौरान करीना कपूर से एक्ट्रेस कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन में कपड़ों को लेकर शुरू हुए विवाद और सोशल मीडिया पर एक्ट्रेसेस की ट्रोलिंग के बारे में भी सवाल किया गया। हालांकि, करीना ने इस सवाल का सीधे जवाब देने से इनकार कर दिया। उन्होंने सवाल का जवाब देने के लिए पास बैठी फिल्म की डायरेक्टर मेघना गुलजार की ओर इशारा किया।
रिपोर्टर ने करीना से पूछा कि सोशल मीडिया पर एक्ट्रेसेस के कपड़ों और उनके रिप्रेजेंटेशन को लेकर अक्सर ट्रोलिंग होती है। ऐसे में एक एक्ट्रेस होने के नाते उनकी क्या सीमाएं होनी चाहिए। सवाल पूरा होते ही करीना ने खुद जवाब देने के बजाय माइक मेघना गुलजार की ओर कर दिया।
करीना के इशारे के बाद मेघना गुलजार ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि फिल्मों या स्क्रीन पर किसी महिला या पुरुष कलाकार का लुक और कपड़े उसके किरदार पर निर्भर करते हैं। यह फैसला डायरेक्टर की सोच और कहानी की जरूरत के हिसाब से तय होता है। मेघना ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में केवल किसी एक एक्टर या एक्ट्रेस से सवाल करना या उसे कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।
ट्रेलर लॉन्च इवेंट से पहले करीना कपूर अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रही थीं। कुछ दिनों पहले जिम के बाहर का उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी तीसरी प्रेग्नेंसी को लेकर अटकलें लगने लगी थीं।
हालांकि, बाद में करीना की ओर से इन खबरों को गलत बताया गया। उनकी तरफ से स्पष्ट किया गया कि वह प्रेग्नेंट नहीं हैं और सोशल मीडिया पर चल रही तीसरी प्रेग्नेंसी की खबरें महज अफवाह हैं।