• Tuesday, 1 September 2026
Logo Logo
Advertisement
दिनदहाड़े फर्नीचर शोरूम में घुसकर फायरिंग, मालिक घायल

01 Sep 2026 | 6 Views

दिनदहाड़े फर्नीचर शोरूम में घुसकर फायरिंग, मालिक घायल

दिनदहाड़े फर्नीचर शोरूम में घुसकर फायरिंग, मालिक घायल

तरनतारन, 1 सितंबर। पंजाब के तरनतारन जिले में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जंडियाला रोड स्थित गांव मलिया खुर्द में तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक फर्नीचर शोरूम में घुसकर फायरिंग कर दी, जिससे शोरूम मालिक अमरदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, गांव मलिया खुर्द में स्थित अमर फर्नीचर हाउस के मालिक अमरदीप सिंह पुत्र हरभजन सिंह उस समय शोरूम के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। दो युवक बाहर मोटरसाइकिल के पास खड़े रहे, जबकि तीसरा शोरूम के अंदर दाखिल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोरूम में दाखिल युवक ने अपने चेहरे को कपड़े से ढका हुआ था। जब अमरदीप सिंह ने उससे चेहरा दिखाने के लिए कहा तो उसने अचानक कमर से पिस्तौल निकालकर उन पर गोली चला दी। गोली अमरदीप सिंह की जांघ को चीरते हुए निकल गई। वारदात के बाद आरोपी बाहर निकला और अपने दोनों साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर फरार हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर बेसमेंट में काम कर रहे कर्मचारी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल अमरदीप सिंह को तुरंत गुरु नानक देव मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी स्पैशल प्रवेश चोपड़ा, डीएसपी इन्वेस्टिगेशन शिवदर्शन सिंह तथा थाना सिटी तरनतारन के प्रभारी इंस्पेक्टर परमजीत सिंह विरदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज में तीनों संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

घायल के बड़े भाई अवतार सिंह ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक उन्हें किसी प्रकार की फिरौती या धमकी की जानकारी नहीं मिली है।

थाना सिटी तरनतारन के प्रभारी इंस्पेक्टर परमजीत सिंह विरदी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में इस घटना का फिरौती से कोई संबंध सामने नहीं आया है, हालांकि पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on: 01 Sep 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News