राज्य से नशे का पूर्ण खात्मा पंजाब सरकार की प्राथमिकता : मोहिंदर भगत
‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत समीक्षा बैठक, नशों के खिलाफ जनभागीदारी को बताया बड़ी ताकत
जालंधर, 23 जून। पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं भलाई मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशों के खिलाफ पूरी दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य को फिर से रंगला पंजाब बनाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए नशे का पूर्ण खात्मा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत आयोजित एक समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई नशा विरोधी मुहिम अब जन आंदोलन का रूप ले चुकी है, जिसमें समाज के हर वर्ग का भरपूर सहयोग मिल रहा है। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, एसएसपी जालंधर (देहाती) हरविंदर सिंह विरक, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर, आम आदमी पार्टी के नेता नितिन कोहली, राजविंदर कौर थियाड़ा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मोहिंदर भगत ने कहा कि सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया है। साथ ही नशे की गिरफ्त में आए लोगों के पुनर्वास के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए खेल, शिक्षा, रोजगार और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने नशा विरोधी अभियान में विलेज डिफेंस कमेटियों और वार्ड डिफेंस कमेटियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि इनके सदस्य बिना किसी भय के समाज को नशामुक्त बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से इस अभियान को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जिला पुलिस, जिला एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों के साथ नशों के खात्मे के लिए किए जा रहे प्रयासों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
आम आदमी पार्टी के नेता नितिन कोहली ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह तथा एसएसपी हरविंदर सिंह विरक ने जिले में नशा तस्करों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई और उपलब्धियों की जानकारी साझा की। वहीं अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर ने बताया कि जिला प्रशासन युवाओं को नशों से दूर रखने और जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि पंजाब ने अपने इतिहास में हर चुनौती का डटकर मुकाबला किया है और नशों की समस्या पर भी विजय प्राप्त करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब नशामुक्त होकर विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
इससे पूर्व नशा मुक्ति मोर्चा के दोआबा इंचार्ज अतिन अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य मेहमानों का स्वागत किया। इस अवसर पर एसडीएम शुभी आंगरा, लाल विश्वास बैंस, आदित्य गुप्ता, दीपक भाटिया, सिमरजीत सिंह, ईओ जेडीए नवदीप सिंह, सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग, जिला कोऑर्डिनेटर शैंकी भगत, अजय भील तथा अन्य अधिकारी और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उपस्थित रहे।