जालंधर, 7 जून 2026: आकाशवाणी जालंधर द्वारा 8 जून को के.एल. सहगल ऑडिटोरियम में शास्त्रीय संगीत समारोह ‘एक शाम – शास्त्रीय संगीत दे नाम’ का आयोजन किया जा रहा है। भारत में आकाशवाणी के प्रसारण के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह विशेष कार्यक्रम शाम 6:30 बजे आरंभ होगा।
आकाशवाणी के कार्यक्रम प्रमुख परमजीत सिंह ने बताया कि समारोह में शास्त्रीय संगीत के विभिन्न रूपों की प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें गायन के साथ-साथ वाद्य यंत्रों की जुगलबंदी भी शामिल रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान पिता-पुत्री की जोड़ी पंडित मनु कुमार सीन और सुरप्रिया सीन शास्त्रीय सितार-संतूर जुगलबंदी प्रस्तुत करेंगे। पंडित मनु कुमार सीन आकाशवाणी के प्रतिष्ठित कलाकारों में शामिल हैं। तबले पर मधुरेश भट्ट और सिद्धार्थ चटर्जी उनका साथ देंगे।
इसके अलावा दिपिन कुमार और सतनिंदर सिंह द्वारा ख्याल जुगलबंदी प्रस्तुत की जाएगी। तबले पर पंडित काले राम और पंडित जय देव संगत करेंगे।
आकाशवाणी जालंधर का यह संगीत समारोह शास्त्रीय संगीत प्रेमियों के लिए एक यादगार सांस्कृतिक संध्या साबित होने की उम्मीद है।