अमृतसर। पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी सफलता मिली है। Punjab Police की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने Amritsar-जालंधर हाईवे पर अड्डा मानावाला के पास कार्रवाई करते हुए एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई में बैठे एक हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहा था। इस हैंडलर की पहचान सुल्तानविंड निवासी अंतरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पहले से ही नशा तस्करी के कई मामलों में वांछित है।
पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय है और पंजाब में नशीले पदार्थों की सप्लाई में संलिप्त रहा है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
इससे पहले 23 अप्रैल को भी पुलिस ने सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 915 ग्राम ‘आइस’ (मेथाम्फेटामाइन), पांच पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए थे। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में था, जो भारत में हथियार और नशा सप्लाई करता था।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही गेट हकीमा थाने में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी थी और उसी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार कर ली गई है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।