जालंधर। Punjab Police ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉलेज बस को घेरकर छात्र की पिटाई करने और इलाके में दहशत फैलाने वाले मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी देते हुए डीएसपी Onkar Singh Brar ने बताया कि 28 अप्रैल 2026 को CT College की बस विद्यार्थियों को छोड़ने के लिए Jalandhar से Nakodar की ओर जा रही थी। शाम करीब 5 बजे जीओ पेट्रोल पंप, मुद्दा के पास तीन गाड़ियों (बोलेरो, थार, स्कॉर्पियो) और मोटरसाइकिल सवार युवकों ने बस को घेरकर रोक लिया।
आरोपियों ने डंडे, बेसबॉल बैट, हॉकी, कृपाण जैसे हथियारों से लैस होकर बस में घुसकर छात्र हरसाहिल सिंह उर्फ साहिल (निवासी इस्माइलपुर) की पिटाई की और उसे जान से मारने की धमकियां दीं। इस घटना से बस में सवार छात्रों और इलाके में दहशत फैल गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत तकनीकी जांच शुरू कर केस दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो गाड़ियां (थार और स्कॉर्पियो) तथा हथियार भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलवीर सिंह उर्फ बावा, तलविंदर सिंह उर्फ तेज़ी, अश्न कुमार, परविंदर सिंह उर्फ परम, हरदीप सिंह दीपां और सागर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।