• Wednesday, 8 July 2026
Logo Logo
Advertisement
बहबल कलां मामले को चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है सरकार : विजय सांपला

08 Jul 2026 | 10 Views

बहबल कलां मामले को चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है सरकार : विजय सांपला

चंडीगढ़। बहबल कलां गोलीकांड मामले में चंडीगढ़ स्थित विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष पेश होने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सांपला ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर इस संवेदनशील मामले का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार चुनावों से पहले इस मुद्दे को फिर से उछालकर अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांपला ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले बहबल कलां गोलीकांड पीड़ितों को न्याय दिलाने का वादा किया था, लेकिन साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल के बावजूद सरकार इस मामले में कोई ठोस परिणाम देने में असफल रही है। अब विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख सरकार इस मामले को दोबारा राजनीतिक रूप से इस्तेमाल करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का शुरू से स्पष्ट रुख रहा है कि बहबल कलां मामले में जो भी दोषी है, उसकी निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच होनी चाहिए तथा दोषियों को कानून के अनुसार सख्त सजा मिलनी चाहिए।

सांपला ने बताया कि उन्हें एसआईटी की ओर से चौथी बार समन जारी किया गया है। इससे पहले भी वह जालंधर में एसआईटी के समक्ष पेश हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि हर बार उन्होंने जांच एजेंसी से उन दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, जिनके आधार पर उनसे जवाब मांगा जा रहा है, ताकि वे तथ्यों के आधार पर अपना पक्ष रख सकें।

उन्होंने कहा कि आज की पेशी के दौरान उन्हें केवल 12 जनवरी 2018 को तत्कालीन राज्यपाल को सौंपे गए एक ज्ञापन की प्रति दिखाई गई, लेकिन उसकी प्रमाणित प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई। बिना संबंधित दस्तावेजों का अध्ययन किए किसी भी प्रश्न का तथ्यात्मक उत्तर देना उचित नहीं होगा।

सांपला ने कहा कि वर्तमान दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल तकनीकों के कारण किसी भी दस्तावेज की प्रमाणिकता सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक हो गया है। इसी कारण उन्होंने केवल प्रमाणित दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की थी, लेकिन अभी तक उनकी यह मांग पूरी नहीं की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार समन भेजने का उद्देश्य जांच को लंबा खींचना और चुनाव तक इस मुद्दे को राजनीतिक रूप से जीवित रखना है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के धार्मिक घटनाक्रमों और सरकार को विभिन्न मुद्दों पर मिली आलोचना से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस मामले को फिर से प्रमुखता दी जा रही है।

भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि बहबल कलां घटना से न तो उनका और न ही भारतीय जनता पार्टी का कोई प्रत्यक्ष संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि उस समय अकाली-भाजपा गठबंधन की सरकार अवश्य थी, लेकिन किसी भी भाजपा नेता की इस घटना में प्रत्यक्ष भूमिका नहीं रही।

पंजाब के मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए सांपला ने कहा कि राज्य नशे की समस्या, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, फिरौती की बढ़ती घटनाओं, गोलीबारी, सरकारी कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते तथा अन्य प्रशासनिक चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसे में सरकार को इन मुद्दों के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एसआईटी की जांच में पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने दोहराया कि जब भी जांच एजेंसी उन्हें बुलाएगी, वह उपस्थित होकर सहयोग देंगे, लेकिन जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और राजनीतिक प्रतिशोध से मुक्त होनी चाहिए।

सांपला ने कहा कि यदि बिना आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए केवल बार-बार समन भेजकर पूछताछ की जाती रही, तो इसे न्यायिक प्रक्रिया के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध और समय की बर्बादी के रूप में देखा जाएगा।

Published on: 08 Jul 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News